पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की रविवार को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक जवाहर के गांव मनसा में हुई इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हो गए. सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शोक जताया है.
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या बेहद दुखद और चौंकाने वाली है। मैंने अभी पंजाब के मुख्यमंत्री मान साहब से बात की है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। मैं सभी से शांत रहने और शांति बनाए रखने का अनुरोध करता हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
वहीं इस घटना के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को बर्खास्त करने की मांग की. राजा वडिंग ने इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि भगवंत मान सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा हटा दिए जाने के दो दिन बाद मानसा में मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पंजाब सरकार ने शासन करने का अपना नैतिक अधिकार खो दिया है। उसे बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने लिखा है कि घटना की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। कांग्रेस ने अपना एक उभरता हुआ सितारा खो दिया है।
कल ही हटाई गई पुलिस सुरक्षा
शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य में 424 लोगों को दी गई सुरक्षा वापस लेने का फैसला किया था। जिनकी सुरक्षा हटा ली गई है उनमें कई सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, धर्मगुरु और राजनीतिक हस्तियां शामिल हैं। इससे पहले अप्रैल में पंजाब सरकार ने पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों और अन्य नेताओं समेत 184 लोगों की सुरक्षा वापस लेने का आदेश दिया था।